बेटे के लिए झूला बांध रहे मजदूर की करंट से मौत

डोईफोडिय़ा (निप्र)। खेत में काम कर रहे मजदूर ने एक साल के बेटे को सुलाने के लिए झूला बांध रहे मजदूर ने जैसे ही पेड़ की डाली पकड़ी तो उसे करंट लग गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह 10 बजे ग्राम कारखेड़ा की है। जानकारी के मुताबिक नवलसिंह प्रताप (29 वर्ष) पत्नी और दो बच्चो को लेकर मक्का की बोवनी करने के लिए खेत पर गया था। दो बच्चों में दूसरे बच्चा एक साल का है। बेटा रो रहा था। इसलिए उसने झूला बांधने की सोची। इसके लिए उसने नीम के पेड़ की डाली पकड़ी तो करंट लग गया। चिल्लाने पर पत्नी पास आई और मदद के लिए आवाज लगाई। आसपास के मजदूर पहुंचे, लेकिन तब तक मजदूर की मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों ने 100 डायल पर सूचना दी। मौके पर खकनार पुलिस पहुंची। जांच, पड़ताल कर पंचनामा बनाया। पीएम के लिए शव खकनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। ग्रामीण प्रकाश बलिराम, दरबार सिंह, अमन चौकसे, योगेश गाढ़े, हेमेंद्र गोल ने पीएम के लिए शव भिजवाने की व्यवस्था की। राहुल सोनवणे ने बताया नीम के पेड़ के ऊपर से 11केवी बिजली के तार थे। इसी कारण पेड़ मे करंट आया होगा।