किसान विरोधी है केंद्र सरकार-  रघुवंशी 

- केंद्र सरकार के विरोध में कलेक्टोरेट में हुआ कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, की मुआवजे की मांग
बुरहानपुर (निप्र)। अतिवृष्टि से फसल बर्बादी का मुआवजा नहीं दिए जाने के विरोध में बुधवार को कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। दोपहर 1 बजे कांग्रेसी कलेक्टोरेट पहुंचे और केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाए। राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा केंद्र की मोदी सरकार हमेशा से ही किसान विरोधी रही है। पिछले 5 साल में इसने किसानों से वोट लेकर केवल छलने का काम किया है। किसानों ने इनके राज में आत्महत्याएं की, मरे हुए चूहे खाने को मजबूर करने वाली इस सरकार के मंत्रियो ने हमेशा किसानों मजाक बनाया है। मदद नही की है। केंद्र ने हमारी इस मांग पर ध्यान देकर तत्काल किसानों को राहत प्रदान नहीं की तो हम सड़क पर उतरकर किसानों के साथ विरोध करेंगे। 
रघुवंशी ने कहा कुछ दिन पहले कलेक्टोरेट के सामने हरसूद विधायक विजय शाह, पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने धरना प्रदर्शन के नाम पर नौटंकी की। भाजपा को किसानों की इतनी चिंता है तो क्यों केंद्र सरकार से मुआवजा दिलवा दे। रघुवंशी ने कहा प्रदेश के 28 सांसद भाजपा के है। केंद्र सरकार ने मप्र के बजट में कटौती कर दी, लेकिन सांसदों का केंद्र सरकार के सामने मुंह नहीं खुल रहा है। वो क्यों नहीं दिल्ली जाकर प्रदेश के हित में नहीं बोल रहे हैं। प्रदेश के किसानों ने 29 में से 28 सांसद दिए इसके बावजूद वे किसानों की आवाज उठाने केवल फोटो बाजी में लगे है। बयानबाजी से किसानों को बरगला रहे हैं, लेकिन प्रदेश का किसान जान चुका हंै कि मात्र 9 माह में अपने वचन पर खरी उतरने वाली कमलनाथ सरकार ही है जो उनके सुख दुख में उनके साथ है और इसी विश्वास के कारण पूरे प्रदेश में भाजपा के किसान आंदोलन बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए। पूरे प्रदेश के किसानों ने उनसे दूरी बना ली। 
धरना प्रदर्शन में नेपानगर विधायक सुमित्रा कास्डेकर ने कहा पिछले 15 साल में किसानों के लिए भाजपा सरकार ने कुछ नहीं किया और आज अपने आप को भाजपा के नेता किसानों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। ये भाजपा नेताओं की नौटंकी है। सरकार थी जब कुछ नहीं किया। एडवोकेट उबेद शेख ने कहा जैसे ही प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शपथ लेते ही किसानों का कर्ज माफ कर दिया। भाजपा ने कोई कर्ज माफ नहीं किया। अधिवक्ता इदरीस खान, अशोक पाटील, भास्कर महाजन, हेमन्त पाटील आदि ने संबोधित किया। ज्ञापन का वाचन ग्रामीण अध्यक्ष किशोर पाटील ने किया। कार्यक्रम का संचालन प्रवक्ता अजय उदासीन ने किया। आभार युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद आमोदे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रतिपक्ष नेता अकील औलिया, गौरी शर्मा, सरीता भगत, तसनीम मर्चेंट सहित अन्य मौजूद थे।