संगठन चुनाव: मण्डल अध्यक्ष दावेदार सोशल मीडिया पर सक्रिय
- संगठन चुनाव प्रभारी टटोल रहे है कार्यकर्ताओं की नब्ज
नेपानगर (निप्र)। नगर में भाजपा संगठन के चुनाव को लेकर सरगर्मी अपने पूरे शबाब पर है। हाल ही में संगठन चुनाव के संदर्भ में जिला संगठन चुनाव प्रभारी भोपाल महापौर आलोक शर्मा की उपस्थिति में एक बैठक राम मंदिर पर आयोजित की गई। जिसमें सर्वसम्मति बनाने का प्रयास किया गया जो एकमात्र औपचारिकता बन कर रह गई। आंतरिक लोकतंत्र का हवाला देकर चुनाव करवाने वाले नेता जमीनी कार्यकर्ताओं की नब्ज तक नहीं पहुंच पाए। जहा तक भाजपा संगठन चुनाव की प्रक्रिया का सवाल है तो प्रत्येक वार्ड में एक बूथ अध्यक्ष तथा सक्रिय सदस्यों की सर्वसम्मति से एक नाम चुना जाना है। एक से अधिक नाम होने पर पैनल बना कर शीर्ष नेतृत्व को भेज दिया जाता है। सर्वसम्मति नहीं बनने की दशा में सक्रिय सदस्य और वार्ड अध्यक्ष मत के जरिये चुनाव सम्पन्न करवाते हैं। परंतु ये प्रक्रिया इस चुनाव में दूर दूर तक नजऱ नहीं आई। बैठक में भी कार्यकर्ताओं की भीड़ कम और समर्थकों की संख्या ज्यादा दिखी। कुछ स्वयंभू दावेदारों ने तो फेसबुक पर वोटिंग करवा के ही खुद को पार्टी से बड़ा दिखाने का प्रयास किया। साथ ही खुद को पूर्व में ही अध्यक्ष घोषित करने जैसा संदेश दिया जो पार्टी के अनुशासन को तार तार करता है। अब देखना ये होगा कि चुनाव अधिकारी की लाख घोषणा की प_ा वाद नहीं चलेगा, चलता है या विपक्ष की भूमिका में पार्टी को जिम्मेदार और जवाबदार चेहरा मिलता हैं।
यह है भाजपा मंडल अध्यक्ष पद के दावेदार
पार्टी की ओर से प्रमुख दावेदारों में विक्रम चौहान जो कि विद्यार्थी परिषद से सक्रिय हैं और युवा मोर्चा के पूर्व नगर अध्यक्ष के साथ दो बार जिला मंत्री युवा मोर्चा की जिम्मेदारी निभा चुके। वही दूसरी ओर सचिन गोपाल जो 3 वर्ष पूर्व ही पार्टी में आये और वर्तमान में नगर महामंत्री है। वही नरेश वरुले है जो युवा मोर्चा के अध्यक्ष हैं और भाजपा संगठन के अध्यक्ष हेतु आयु सीमा 35 से 40 वर्ष करने के बाद अध्यक्ष बनने हेतु प्रयासरत है। साथ ही प्रमोद सेन भी एक युवा दावेदार के तौर पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं।
संगठन चुनाव: मण्डल अध्यक्ष दावेदार सोशल मीडिया पर सक्रिय